TikTok Ban: भारत में टिकटॉक की वेबसाइट दिखने लगी है, जिससे बैन हटने की अफवाहें फैल गईं. जानिए सरकार ने क्या कहा और टिकटॉक पर बैन क्यों लगा था

क्या TikTok भारत में फिर से लौट आया है? हाल ही में कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वे TikTok की वेबसाइट एक्सेस कर पा रहे हैं. इससे अफवाहें फैल गईं कि भारत सरकार ने टिकटॉक पर से बैन (TikTok Ban) हटा लिया है. लेकिन अब सरकार ने इस पर स्पष्ट बयान जारी किया है.
सरकार ने कहा: बैन अब भी जारी हैइलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने साफ कहा है कि भारत सरकार ने TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश नहीं दिया है. मंत्रालय ने ऐसी खबरों को “झूठी और भ्रामक” बताया है. TikTok ऐप अभी भी Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध नहीं है.
TikTok पर बैन क्यों लगा था?
जून 2020 में भारत सरकार ने TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स को बैन कर दिया था. इसका कारण था- राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा प्राइवेसी और भारत की संप्रभुता को खतरा. उस समय भारत-चीन सीमा पर गलवान घाटी में तनाव चरम पर था. सरकार ने बताया था कि ये ऐप्स यूजर्स का डेटा चीन के सर्वर तक भेज रहे थे और कुछ ऐप्स संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे.
TikTok की लोकप्रियता और असर
बैन से पहले TikTok के भारत में करीब 20 करोड़ यूजर्स थे. भारत TikTok का सबसे बड़ा मार्केट बन चुका था. यहां लाखों क्रिएटर्स इस प्लेटफॉर्म से जुड़े थे. बैन के बाद ByteDance और अन्य चीनी कंपनियों पर भारत में सख्ती बढ़ गई
सिर्फ भारत ही नहीं, दुनिया भी सतर्कभारत के अलावा कई देशों ने चीनी ऐप्स और हार्डवेयर पर सवाल उठाए हैं. खासकर 5G नेटवर्किंग उपकरणों में ‘बैकडोर’ की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों को चिंतित किया है.
वेबसाइट दिखना बैन हटने का संकेत नहीं
TikTok की वेबसाइट कुछ यूजर्स को दिख रही है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ऐप पर से बैन हट गया है. यह तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है. सरकार ने साफ किया है कि TikTok अब भी भारत में प्रतिबंधित है.